सलोनी तिवारी: गोरखपुर। मकर संक्रांति पर्व के पावन अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ब्रह्म मुहूर्त में गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर नाथपंथ की विशिष्ट परंपरा के अनुसार महायोगी गुरु गोरखनाथ को विधि-विधान से आस्था की खिचड़ी चढ़ाई। पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों, संतों और श्रद्धालुओं को मकर संक्रांति की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में भगवान गोरखनाथ के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करने के लिए लाखों श्रद्धालु पंक्तिबद्ध होकर श्रद्धा और विश्वास के साथ खिचड़ी चढ़ा रहे हैं। उन्होंने इसे अपना सौभाग्य बताते हुए कहा कि प्रातः 4 बजे गोरखनाथ मंदिर की विशिष्ट पूजा संपन्न होने के बाद उन्हें स्वयं भगवान गोरखनाथ को खिचड़ी अर्पित करने का अवसर प्राप्त हुआ।
बुधवार से ही पूरे प्रदेश में मकर संक्रांति को लेकर आस्था का सैलाब देखने को मिल रहा है। लाखों श्रद्धालु पवित्र धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर देवों का नमन-पूजन कर रहे हैं। गोरखपुर में बुधवार को भी भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने महायोगी भगवान गोरखनाथ जी को खिचड़ी चढ़ाई। वहीं प्रयागराज के संगम तट पर भी लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई।
मकर संक्रांति का यह धार्मिक उत्साह गुरुवार को भी निरंतर जारी है, जहां प्रदेशभर में श्रद्धालु परंपरा, आस्था और विश्वास के साथ इस पावन पर्व को मना रहे हैं।

