UP: फिरोजाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक में लगी भीषण आग, दो युवकों की मौके पर मौत

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई, जिससे दोनों युवक बुरी तरह झुलस गए। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

यह घटना सिरसागंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर कठफोरी के पास सोमवार रात करीब 9:30 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, कानपुर के शनिगवां निवासी सिद्धार्थ (28) पुत्र अशोक कुमार और शिवकटरा निवासी वैभव अवस्थी (26) पुत्र अवधेश कुमार बाइक से कानपुर से आगरा जा रहे थे। दोनों युवक ई-कॉमर्स कंपनी में टीम लीडर के पद पर कार्यरत थे और आगरा में कंपनी के एक नए स्टोर की ओपनिंग के सिलसिले में जा रहे थे।

नेशनल हाईवे पर कठफोरी के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक में तुरंत आग लग गई। आग की चपेट में आने से दोनों युवक गंभीर रूप से झुलस गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही सिरसागंज थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। जैसे ही घटना की सूचना कानपुर में परिजनों को मिली, परिवार में मातम छा गया। स्थानीय लोगों ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *