मकर संक्रांति पर्व को लेकर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने किया सरसैया घाट का निरीक्षण, स्वच्छता व सुरक्षा के दिए सख्त निर्देश

कानपुर। मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने  सरसैया घाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर की जा रही व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि मकर संक्रांति के दौरान घाटों पर स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूरे घाट क्षेत्र में नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए।

महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्नान के उपरांत कपड़े बदलने के लिए विशेष चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि महिलाओं के लिए बनाए गए इन स्थानों पर गोपनीयता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि मकर संक्रांति पर्व श्रद्धा, आस्था और अनुशासन के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *