लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में स्वामी विवेकानंद जी की पावन जयंती ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय युवा सम्मान एवं युवा सशक्तीकरण कार्यक्रम में सहभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनका जीवन देश को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने का मार्ग दिखाता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत 5 मल्टीपर्पज हॉल का लोकार्पण किया तथा 3 ग्रामीण स्टेडियमों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन खेल सुविधाओं के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर मिलेंगे, जिससे प्रदेश राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करेगा।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों से आए युवाओं द्वारा लगाए गए स्टार्टअप, नवाचार एवं स्वदेशी उत्पादों के स्टालों का भी अवलोकन किया। उन्होंने युवाओं की रचनात्मकता, नवाचार और आत्मनिर्भरता की सराहना करते हुए कहा कि स्टार्टअप और स्वदेशी उत्पाद भारत को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय विवेकानंद युवा पुरस्कार प्रदान कर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर मंत्रीगण, वरिष्ठ अधिकारी, युवा उद्यमी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साह, ऊर्जा और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

