प्रयागराज: तीर्थराज प्रयाग में आयोजित श्रीमद् जगद्गुरु श्री रामानंदाचार्य जी भगवान के 726वें जन्मोत्सव समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को प्रयागराज पहुंचे। अपने दौरे की शुरुआत मुख्यमंत्री ने पावन संगम में स्नान से की, जहां उन्होंने गंगा में तीन डुबकी लगाकर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
संगम स्नान के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लेटे हनुमान मंदिर पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने बोट के माध्यम से संगम क्षेत्र और विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया तथा माघ मेले की व्यवस्थाओं को परखा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साइबेरियन पक्षियों को दाना भी खिलाया, जो इस समय संगम क्षेत्र की विशेष पहचान बने हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने भगवती भागीरथी से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी श्रद्धालुओं के मनोरथ पूर्ण हों, राष्ट्र और समाज में सद्भाव तथा समृद्धि बनी रहे और समस्त चराचर जगत का कल्याण हो। इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम योगी माघ मेले में आगामी मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या, बसंत पंचमी, माघी पूर्णिमा और महाशिवरात्रि जैसे प्रमुख स्नान पर्वों की तैयारियों की समीक्षा करने के उद्देश्य से विशेष रूप से प्रयागराज पहुंचे थे। उन्होंने मेला विकास प्राधिकरण कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पावन त्रिवेणी में स्नान और दर्शन के साथ भगवान रामानंदाचार्य जी की 726वीं जयंती समारोह में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि इस बार माघ मेले में पहले की तुलना में अधिक स्नान घाट बनाए गए हैं और सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, स्वास्थ्य सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया गया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला सेवा ऐप के माध्यम से जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्हें विश्वास है कि आपसी समन्वय और प्रशासन की तत्परता से आने वाले सभी स्नान पर्व पौष पूर्णिमा की तरह शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न होंगे। मेला प्रशासन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहा है।

