अयोध्या राम मंदिर परिसर में शनिवार (10 जनवरी) को नमाज़ पढ़े जाने की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अबू अहमद शेख नामक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि मंदिर के एक्जिट गेट के बाहर नमाज़ पढ़ने की जानकारी सामने आने के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
सूत्रों के अनुसार मंदिर परिसर में तैनात एक वॉचर ने संदिग्ध गतिविधि को लेकर पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सटीक जानकारी जुटाई जा सके।
हिरासत में लिए गए व्यक्ति के कश्मीरी मूल का होने की बात सामने आई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। एहतियातन खुफिया एजेंसियां और प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है और मंदिर परिसर की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।

