सलोनी तिवारी: सर्दियों का मौसम आते ही खानपान में भी बदलाव नजर आने लगता है। ठंड के दिनों में लोग ऐसी चीज़ें खाना पसंद करते हैं जो शरीर को गर्म रखें और स्वाद से भरपूर हों। ऐसे में मक्के से बनी चीज़ों की मांग बढ़ जाती है। मक्के की रोटी के बाद अब मक्के की कचौड़ी भी सर्दियों में लोगों की पहली पसंद बनती जा रही है। यह कचौड़ी न सिर्फ स्वादिष्ट होती है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी फायदेमंद मानी जाती है।
क्यों खास है मक्के की कचौड़ी
मक्का फाइबर, आयरन और ऊर्जा से भरपूर होता है। सर्दियों में मक्के का सेवन शरीर को अंदर से गर्म रखने में मदद करता है। मक्के की कचौड़ी बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को पसंद आती है। यह सुबह के नाश्ते, दोपहर के भोजन या शाम की चाय के साथ एक बेहतरीन विकल्प है।
मक्के की कचौड़ी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
-
मक्के का आटा – 2 कप
-
गेहूं का आटा – आधा कप
-
उबले आलू – 2 (मैश किए हुए)
-
हरी मिर्च – 1 से 2 (बारीक कटी)
-
अदरक – 1 छोटा चम्मच
-
हरा धनिया – बारीक कटा
-
अजवाइन और जीरा – स्वादानुसार
-
लाल मिर्च, धनिया पाउडर, गरम मसाला
-
नमक – स्वादानुसार
-
तेल – तलने के लिए
जानिए बनाने की आसान विधि
सबसे पहले एक बर्तन में मक्के और गेहूं का आटा मिलाएं। इसमें अजवाइन, जीरा और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब उबले आलू, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया और सभी मसाले डालें। गुनगुने पानी की मदद से नरम आटा गूंथ लें और कुछ देर ढककर रख दें।
इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर हल्के हाथ से बेल लें। कढ़ाही में तेल गरम करें और मध्यम आंच पर कचौड़ियों को सुनहरी होने तक तलें। कुरकुरी और गरमागरम मक्के की कचौड़ी तैयार है।
किसके साथ करें परोसने
मक्के की कचौड़ी हरी धनिया-चटनी, टमाटर की चटनी या दही के साथ परोसी जा सकती है। चाहें तो ऊपर से थोड़ा सा मक्खन भी डाल सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और बढ़ जाता है।
सेहत का भी रखें ध्यान
हालांकि यह कचौड़ी स्वाद में बेहतरीन होती है, लेकिन तली हुई होने के कारण इसे सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए। सर्दियों में इसे संतुलित आहार के साथ शामिल करना बेहतर रहता है।

