यूपी में ठंड और कोहरे का कहर

सलोनी तिवारी: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रकोप अपने चरम पर पहुंच गया है। सर्द पछुआ हवाओं और गलन भरी ठंड ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बुधवार को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में दोपहर तक धूप नहीं निकल सकी, जिससे ठिठुरन बनी रही। जहां कहीं हल्की धूप दिखाई भी दी, वहां भी गलन का असर कम नहीं हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को अयोध्या और आजमगढ़ प्रदेश के सबसे ठंडे जिले रहे, जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार गिरते तापमान और कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पर भी व्यापक असर देखने को मिला। कई स्थानों पर दृश्यता बेहद कम रहने से वाहनों की रफ्तार थमी रही।

भारतीय मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए प्रदेश के तराई और दक्षिणी यूपी के 24 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 32 जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनने की चेतावनी दी गई है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ने की आशंका है।

घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट इन जिलों में

फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, जालौन, हमीरपुर, झांसी सहित आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

इन जिलों में शीत दिवस की आशंका

कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और आसपास के क्षेत्रों में शीत दिवस की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे अत्यधिक ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहें। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है। सुबह और देर रात यात्रा करने से बचने, गर्म कपड़े पहनने और सुरक्षित उपाय अपनाने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *