पौष पूर्णिमा पर प्रयागराज में माघ मेला 2026 का भव्य शुभारंभ

सलोनी तिवारी: प्रयागराज : पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर शनिवार को प्रयागराज के त्रिवेणी घाट पर माघ मेला 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। यह माघ मेला महाकुंभ 2025 के बाद आयोजित होने वाला पहला माघ मेला है, जिसको लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रदेश सरकार और मेला प्रशासन का अनुमान है कि इस वर्ष माघ मेला अवधि के दौरान लगभग 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में पुण्य की डुबकी लगाने पहुंच सकते हैं।

श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए मेला प्रशासन ने इस बार व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं। मेला क्षेत्र का विस्तार किया गया है, वहीं गंगा नदी पर बनाए जाने वाले पंटून पुलों की संख्या भी बढ़ा दी गई है, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित आवागमन मिल सके।

इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। पूरे मेला क्षेत्र में पुलिस बल, पीएसी और एनडीआरएफ की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य शिविर, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और आपातकालीन सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। स्वच्छता और पेयजल की भी विशेष व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *