सलोनी तिवारी: उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ती ठंड और भीषण शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम जनता को राहत देने के लिए बड़ा आदेश जारी किया है। सीएम योगी ने राज्य के सभी बोर्डों (CBSE, ICSE, UP बोर्ड सहित) के 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों को 5 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि शीतलहर के दौरान आम जनजीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहते हुए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
सीएम योगी ने कड़े शब्दों में कहा है कि सभी जनपदों में कंबल वितरण और अलाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाया जा सके। प्रशासन को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी व्यक्ति खुले में सोने के लिए मजबूर न हो।
इसके लिए रैन बसेरों में बेड, हीटिंग व्यवस्था और साफ-सफाई जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा गया है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि रैन बसेरों का नियमित निरीक्षण किया जाए, ताकि वहां ठहरने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा छाया हुआ है। इससे सड़कों पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंच गई, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ और आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

