सलोनी तिवारी: अहमदाबाद/कानपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आई.एम.ए.) द्वारा आयोजित 100वां ऑल इंडिया मेडिकल कॉन्फ्रेंस “आई.एम.ए. नेटकान 2025” का आयोजन गुजरात के अहमदाबाद में भव्यता, गरिमा और ऐतिहासिक महत्व के साथ सम्पन्न हुआ। इस राष्ट्रीय महासम्मेलन के अवसर पर कानपुर के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित चिकित्सक तथा आई.एम.ए. कानपुर शाखा के पूर्व सचिव डॉ. विकास मिश्रा को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
डॉ. विकास मिश्रा को यह सम्मान “आई.एम.ए. नेशनल प्रेसिडेंट एप्रिसिएशन अवार्ड – बेस्ट एडजज्ड सेक्रेटरी ऑफ ए लोकल ब्रांच (2024–2025)” के रूप में प्रदान किया गया। यह पुरस्कार देशभर की लगभग 1800 आई.एम.ए. शाखाओं में से सर्वश्रेष्ठ कार्य प्रदर्शन करने वाले सचिव को दिया जाता है।
यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें आई.एम.ए. कानपुर शाखा के सचिव (वर्ष 2024–2025) के रूप में उनके उत्कृष्ट, दूरदर्शी, अनुकरणीय एवं पूर्णतः समर्पित नेतृत्व तथा संगठनात्मक सेवाओं के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान यह पुरस्कार आई.एम.ए. के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिलीप भानुशाली के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर डॉ. केतन देसाई (मुख्य संरक्षक, आई.एम.ए. एवं पूर्व अध्यक्ष – वर्ल्ड मेडिकल एसोसिएशन), डॉ. अनिल नायक (राष्ट्रीय अध्यक्ष-निर्वाचित), डॉ. सरबरी दत्ता (महासचिव, आई.एम.ए.), डॉ. शरद अग्रवाल (संरक्षक, आई.एम.ए. उत्तर प्रदेश), डॉ. आर. वी. अशोकन (पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष) एवं डॉ. पियूष जैन (कोषाध्यक्ष, आई.एम.ए.) सहित अनेक वरिष्ठ राष्ट्रीय पदाधिकारी मंचासीन रहे।
इस ऐतिहासिक सम्मेलन की गरिमा को और अधिक ऊँचाई प्रदान करते हुए भारत सरकार के माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई, जिससे यह आयोजन भारतीय चिकित्सा जगत के लिए अत्यंत स्मरणीय बन गया।
आई.एम.ए. नेटकान 2025 में देशभर से चिकित्सकों की रिकॉर्ड भागीदारी देखने को मिली। साथ ही ए.पी. (AP) एवं ए.पी.आई. (API) जैसी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा संस्थाओं की उपस्थिति ने भारतीय चिकित्सा समुदाय की वैश्विक पहचान, एकता एवं सशक्तता को और मजबूत किया।
इस सम्मान पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए डॉ. विकास मिश्रा ने इसे अपना व्यक्तिगत सम्मान न मानते हुए, आई.एम.ए. कानपुर शाखा की पूर्व अध्यक्ष डॉ. नंदिनी रस्तोगी, वर्ष 2024–2025 की समस्त कार्यकारिणी, सहयोगी साथियों एवं कानपुर शाखा के सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल बताया। उन्होंने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने प्रिय दिवंगत पिता श्री कृष्ण चंद्र मिश्रा जी को समर्पित किया।
डॉ. विकास मिश्रा ने आई.एम.ए. के राष्ट्रीय नेतृत्व, आई.एम.ए. उत्तर प्रदेश राज्य इकाई एवं आई.एम.ए. कानपुर परिवार के प्रति गहन कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक निष्ठा, ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ चिकित्सा समुदाय और समाज की सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
इस अवसर पर आई.एम.ए. कानपुर शाखा के वर्तमान अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा, सचिव डॉ. शालिनी मोहन, वित्त सचिव डॉ. विशाल सिंह एवं पूरी कार्यकारिणी ने डॉ. विकास मिश्रा को इस गौरवशाली उपलब्धि के लिए बधाई दी और कानपुर शाखा को राष्ट्रीय स्तर पर गौरव दिलाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
यह उपलब्धि न केवल कानपुर नगर, बल्कि सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश के चिकित्सा जगत के लिए गर्व, सम्मान एवं प्रेरणा का विषय है।

