डीजी टेलीकॉम यूपी अशुतोष पाण्डेय के नाम से ठगी की कोशिश, फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर जारी की सार्वजनिक अपील

उत्तर प्रदेश के  (डीजी) टेलीकॉम अशुतोष पांडेय के नाम से सोशल मीडिया पर ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। इसको लेकर डीजी टेलीकॉम अशुतोष पाण्डेय ने स्वयं एक सार्वजनिक अपील जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
अशुतोष पांडेय ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व उनके नाम और पहचान का गलत इस्तेमाल करते हुए फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी पोस्ट और संदेश प्रसारित कर रहे हैं। इन फर्जी पोस्टों में लोगों से फर्नीचर या अन्य वस्तुओं की बिक्री के नाम पर पैसे की मांग की जा रही है।
डीजी टेलीकॉम ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने किसी भी व्यक्ति से न तो पैसे मांगे हैं और न ही किसी प्रकार की खरीद–फरोख्त के लिए अधिकृत किया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी संदेश, कॉल या सोशल मीडिया पोस्ट पर विश्वास न करें और किसी भी प्रकार का भुगतान न करें।
उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से फर्जी और धोखाधड़ी की साजिश है और कोई अज्ञात व्यक्ति उनके नाम का दुरुपयोग कर रहा है। यदि किसी को इस तरह का कोई संदेश प्राप्त होता है, तो तुरंत सतर्क रहें और संबंधित प्लेटफॉर्म पर शिकायत दर्ज करें।
डीजी टेलीकॉम ने आम जनता से यह भी अनुरोध किया है कि इस प्रकार की जानकारी को अधिक से अधिक साझा करें, ताकि कोई भी व्यक्ति इस साइबर ठगी का शिकार न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *