सलोनी तिवारी: उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों वृंदावन, चित्रकूट सहित कई तीर्थ क्षेत्रों में छुट्टियों के चलते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। साल के अंत और अवकाशों का लाभ उठाते हुए देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे मंदिरों, आश्रमों और प्रमुख मार्गों पर जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है।
वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर, प्रेम मंदिर और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के बाहर लंबी कतारें लगी हुई हैं। वहीं चित्रकूट में कामदगिरि परिक्रमा मार्ग, रामघाट और प्रमुख आश्रमों में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस को अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ रही है।
इसी बीच उत्तर भारत में घने कोहरे ने यात्रियों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। सुबह और देर रात के समय दृश्यता बेहद कम होने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। कई जगहों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को गंतव्य तक पहुंचने में अधिक समय लग रहा है। कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का असर होटल और धर्मशालाओं के किरायों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। वृंदावन और चित्रकूट में होटल के कमरों के दामों में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सामान्य दिनों की तुलना में किराया दोगुना तक वसूला जा रहा है, जिससे कई श्रद्धालुओं को ठहरने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें, सुरक्षित ड्राइविंग करें और भीड़भाड़ वाले इलाकों में प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें। आने वाले दिनों में भी छुट्टियों के चलते धार्मिक स्थलों पर भीड़ बने रहने की संभावना जताई जा रही है।

