पीएम मोदी के कार्यक्रम के बाद लखनऊ में शर्मनाक घटना, राष्ट्र प्रेरणा स्थल से गमले-पौधे चोरी, वीडियो वायरल

सलोनी तिवारी: लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बसंत कुंज क्षेत्र में राष्ट्र प्रेरणा स्थल को देश को समर्पित किए जाने के कुछ ही घंटों बाद एक शर्मनाक घटना सामने आई है। कभी 30 एकड़ क्षेत्र में फैले कूड़े के ढेर को अत्यंत खूबसूरत राष्ट्र प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित किया गया था, लेकिन प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद ही वहां लगे सजावटी गमले और पौधे चोरी कर लिए गए।

राष्ट्र प्रेरणा स्थल और प्रेरणा स्थल रोड को विशेष रूप से सजाया गया था। सड़क के दोनों ओर छोटे-छोटे आकर्षक गमले और पौधे लगाए गए थे, जिससे पूरे क्षेत्र की सुंदरता देखते ही बनती थी। हालांकि शाम होते-होते कुछ लोगों ने इस खूबसूरती को बिगाड़ने का काम कर दिया। दुबग्गा थाना क्षेत्र में स्थित इस स्थल से लोग गमले उठाकर ले जाते नजर आए।

इस पूरी घटना का वीडियो कुछ स्थानीय लोगों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग बेखौफ होकर सजावटी गमले और पौधे उठाकर ले जा रहे हैं। वीडियो बनाने वाले लोग उन्हें शर्मसार करते नजर आते हैं, लेकिन चोरी करने वालों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।

पीएम मोदी के कार्यक्रम के बाद राजधानी में गमला और पौधा चोरी का यह मामला अब लोगों की जुबान पर है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद नगर निगम, जिला प्रशासन और लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में हड़कंप मच गया है। प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच और दोषियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

यह घटना न केवल प्रशासनिक लापरवाही की ओर इशारा करती है, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति के प्रति कुछ लोगों की असंवेदनशील सोच को भी उजागर करती है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *