छुट्टियों के मद्देनज़र वृंदावन में बाहरी जिलों के वाहनों की एंट्री पर रोक, ई-रिक्शा से ही मिलेगा प्रवेश

सलोनी तिवारी: मथुरा के वृंदावन में आगामी क्रिसमस और नववर्ष की छुट्टियों को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा यातायात निर्णय लिया है। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बाहर के जिलों से आने वाले वाहनों के वृंदावन में प्रवेश पर पूर्ण रूप से रोक लगा दी गई है।

यातायात पुलिस के अनुसार, वृंदावन के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बैरियर लगाए जाएंगे, जहां पुलिस बल के साथ पीएसी की तैनाती भी की जाएगी। बाहरी वाहनों को इन बैरियरों पर रोककर निर्धारित पार्किंग स्थलों में भेजा जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को ई-रिक्शा के माध्यम से ही वृंदावन में प्रवेश की अनुमति होगी।

यहां बनाए गए हैं पार्किंग स्थल:

  • मथुरा की ओर से आने वाले वाहन: पागल बाबा मंदिर के पास स्थित स्थल

  • छटीकरा मार्ग से आने वाले वाहन: रुक्मणी विहार पार्किंग

  • यमुना एक्सप्रेसवे की ओर से आने वाले वाहन: पानीगांव और दारुक में बने पार्किंग स्थल

ई-रिक्शा से मिलेगा वृंदावन में प्रवेश:

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वृंदावन के अंदर केवल पंजीकृत (रजिस्टर्ड) ई-रिक्शा को ही संचालन की अनुमति दी जाएगी। भीड़ अधिक होने की स्थिति में ई-रिक्शा संचालन पर भी अस्थायी रोक लगाई जा सकती है। इसके लिए सभी ई-रिक्शा चालकों का रजिस्ट्रेशन किया गया है और केवल अनुमति प्राप्त ई-रिक्शा ही श्रद्धालुओं को ले जा सकेंगे।

भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक योजना बनाई है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस कर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से ठाकुर श्री बांके बिहारी के दर्शन कर सकें और शहर में यातायात अव्यवस्था न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *