विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने दीप प्रज्वलित कर एनओआईएनओ के त्रि-दिवसीय महाधिवेशन का किया उद्घाटन

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने आज एलआईसी के प्रथम श्रेणी अधिकारियों के संगठन एनओआईएनओ (NOINO), जो भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध है, के अखिल भारतीय त्रि-दिवसीय त्रैवार्षिक महाधिवेशन में दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया।  यह महाधिवेशन 20 से 22 दिसंबर तक होटल रॉयल मन्दाकिनी, कानपुर में आयोजित किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने अपने राष्ट्रीयकरण के समय से ही देश के आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। एलआईसी की मजबूती और सफलता के पीछे उसके कर्मचारियों का समर्पण, ईमानदारी और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता सबसे बड़ा आधार है।

अपने संबोधन में सतीश महाना ने कहा कि वे एनओआईएनओ संगठन की कार्यप्रणाली से व्यक्तिगत रूप से प्रभावित हैं। संगठन का प्रत्येक सदस्य संस्थागत हितों के साथ-साथ राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है।

उन्होंने हाल ही में संसद में पारित “सबका बीमा–सबकी सुरक्षा विधेयक 2025” का उल्लेख करते हुए कहा कि बीमा क्षेत्र के सभी वर्गों के लिए खुलने से एलआईसी और अधिक मजबूती के साथ आम जनता के हितों की रक्षा करेगी। इस नई व्यवस्था में एनओआईएनओ जैसे संगठनों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।

उद्घाटन सत्र में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने एलआईसी और एनओआईएनओ संगठन की प्रशंसा करते हुए कहा कि एलआईसी का क्षेत्रीय कार्यालय भवन कानपुर की पहचान और गौरव है। उन्होंने आश्वासन दिया कि महाधिवेशन के दौरान सामने आने वाली मांगों और सुझावों को संसद में मजबूती से रखा जाएगा।

इस अवसर पर एनओआईएनओ के अखिल भारतीय अध्यक्ष गणेश गोविंद कामथ, अखिल भारतीय कार्यकारी अध्यक्ष दत्ताराज प्रभु खांडोलकर, उत्तर प्रदेश इंश्योरेंस सेक्टर प्रभारी सुधाकर मिश्र, उत्तर मध्य क्षेत्रीय अध्यक्ष संजय गुप्ता सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन क्षेत्रीय महासचिव संजीव दुबे द्वारा किया गया।

महाधिवेशन में देशभर से 500 से अधिक पदाधिकारी और प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इस त्रि-दिवसीय आयोजन को सफल बनाने में संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही है।

महाधिवेशन में विशेष रूप से उपस्थित पदाधिकारियों में अखिल भारतीय महामंत्री वाई. एन. मूर्ति, अखिल भारतीय आयोजन सचिव राजेश दुबे, विकास अवस्थी, सीता राम साहू, सुनील अग्निहोत्री, सुनील अवस्थी, संजीव त्रिवेदी, सुधीर शुक्ल, सिकंदर मिश्र, संजय कटियार, अलका मिश्र, अरविंद पांडेय, शालिनी दुबे, दीपक श्रीवास्तव, आलोक शुक्ला, जगविशाल, राहुल तिवारी सहित अनेक पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *