कानपुर। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के प्रथम श्रेणी अधिकारियों के प्रमुख संगठन ‘नेशनल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंश्योरेंस ऑफिसर्स’ (NOINO) का अखिल भारतीय त्रैवार्षिक महाधिवेशन कल, 20 दिसंबर से औद्योगिक नगरी कानपुर में शुरू होने जा रहा है। भारतीय मजदूर संघ (BMS) से संबद्ध इस संगठन का यह तीन दिवसीय आयोजन 22 दिसंबर 2025 तक चलेगा।
भव्य उद्घाटन और मुख्य अतिथि कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन शनिवार, 20 दिसंबर को अपराह्न 4:00 बजे साकेत नगर स्थित होटल मन्दाकिनी रॉयल (दीप सिनेमा के निकट) में किया जाएगा। इस गरिमामयी समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष माननीय सतीश महाना होंगे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में कानपुर नगर के सांसद माननीय रमेश अवस्थी भी उपस्थित रहेंगे।
देशभर से जुटेंगे 600 प्रतिनिधि संगठन के प्रेस संयोजक सुनील अग्निहोत्री ने बताया कि इस महाधिवेशन में संपूर्ण भारतवर्ष से लगभग 600 प्रतिनिधि भाग लेने कानपुर पहुंच रहे हैं। अधिवेशन के दौरान बीमा क्षेत्र की चुनौतियों, अधिकारियों की समस्याओं और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
स्थानीय नेतृत्व की सक्रियता इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जोनल अध्यक्ष संजय गुप्ता, जोनल कार्यकारी अध्यक्ष आलोक मालवीय और जोनल सचिव संजीव कुमार दुबे के नेतृत्व में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिवेशन में संगठन के राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी शिरकत करेंगे।

