सलोनी तिवारी:कानपुर। विपरीत मौसम और लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने स्कूली बच्चों की सिफारिश पर बड़ा फैसला लिया है। डीएम ने कानपुर जिले के सभी विद्यालयों में 19 और 20 दिसंबर को अवकाश घोषित किया है। यह आदेश नर्सरी से कक्षा 12वीं तक संचालित सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों पर लागू होगा। ठंड के प्रतिकूल मौसम को देखते हुए डीएम ने दो दिन का अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया। डीएम जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य सर्वोपरि है और मौजूदा मौसम में उन्हें राहत देना जरूरी है। आदेश जारी होते ही छात्रों और अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

