सलोनी तिवारी: लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सर्दियों के मौसम में छाने वाले घने कोहरे के कारण होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी मंडलायुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों (IG), जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों और ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों को सड़क सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक मैनेजमेंट को और मजबूत करने के आदेश दिए हैं।
सीएम योगी ने निर्देश दिए कि सड़कों और गलियों में लगी स्ट्रीट लाइटों की नियमित जांच की जाए और खराब लाइटों को तत्काल ठीक कराया जाए। इसके साथ ही डार्क स्पॉट्स की पहचान कर वहां जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर रिफ्लेक्टर लगाने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने एनएचएआई और राज्य राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने को कहा है। खासतौर पर एक्सप्रेस-वे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने, ब्लैक स्पॉट्स पर टीमों की तैनाती और खराब विजिबिलिटी की स्थिति में बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एडवाइजरी का सख्ती से पालन करने की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से अपील की है कि कोहरे के दौरान जारी की गई ट्रैवल एडवाइजरी का सख्ती से पालन करें। एक्सप्रेस-वे पर 24 घंटे क्रेन और एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। टोल प्लाजा पर लाउडस्पीकर के माध्यम से चालकों को कोहरे की स्थिति की जानकारी दी जाएगी।
कोहरे में ओवरस्पीडिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार—
-
वाहन की गति निर्धारित सीमा से कम रखें
-
फॉग लाइट का प्रयोग करें और हेडलाइट लो-बीम पर रखें
-
इमरजेंसी इंडिकेटर चालू रखें
-
आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें
-
एक्सप्रेस-वे पर बार-बार लेन न बदलें
-
ओवरटेकिंग से बचें
-
अत्यधिक कोहरे में यात्रा टालना ही सुरक्षित विकल्प है
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने वाहन चालकों से अपने वाहन के पीछे रिफ्लेक्टर टेप जरूर लगवाने की अपील की है, ताकि कम विजिबिलिटी में भी वाहन आसानी से दिखाई दे सके।

