कानपुर में ‘आरोग्य मंथन–2025’ कार्यक्रम संपन्न, मंत्री अनिल राजभर ने क्यूआर-इनेबिल्ड माइक्रोसाइट, ‘आरोग्य शक्ति’ अभियान और ‘आरोग्य संकल्प’ पत्रिका की शुरुआत की

सलोनी तिवारी: कर्मचारी राज्य बीमा योजना, उत्तर प्रदेश द्वारा “आरोग्य मंथन–2025” कार्यक्रम का भव्य आयोजन एच.बी.टी.यू. (वेस्ट कैंपस), विकास नगर–कानपुर स्थित शताब्दी भवन में सायं 07:00 बजे से किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय मंत्री, श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय विभाग, उत्तर प्रदेश श्री अनिल राजभर ने उपस्थिति दर्ज कराई और बीमित श्रमिकों के लिए कई महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि ने क्यूआर-इनेबिल्ड माइक्रोसाइट, ‘आरोग्य शक्ति’ अभियान तथा ‘आरोग्य संकल्प’ पत्रिका का लोकार्पण करते हुए कहा कि ईएसआई योजना सदैव श्रमिकों और उनके परिवारों को सुरक्षित, सुलभ एवं गुणवत्तायुक्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रही है। नई डिजिटल पहलें सेवा प्रदायगी में पारदर्शिता, सरलता और उत्तरदायित्व को और मजबूत बनाएंगी।

अशोका यूनिवर्सिटी के CSBC के सहयोग से विकसित माइक्रोसाइट बीमितों को डिजिटल माध्यम से सेवाओं की जानकारी और प्रक्रियाओं को और सरल बनाएगी। वहीं, महिला बीमितों के लिए आरोग्य शक्ति अभियान के तहत स्वास्थ्य परीक्षण, जागरूकता शिविर और स्वास्थ्य सुरक्षा से संबंधित विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। “आरोग्य संकल्प” पत्रिका में ईएसआई योजना की उपलब्धियों, नई सेवाओं और सुधारों को दस्तावेजित किया गया है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रमुख सचिव, श्रम एवं सेवायोजन विभाग, उ.प्र. डॉ. एम.के. शन्मुगा सुन्दरम (IAS), विशेष सचिव श्री नीलेश कुमार सिंह, तथा कार्यक्रम की आयोजक एवं निदेशक, कर्मचारी राज्य बीमा योजना उ.प्र. श्रीमती सौम्या पाण्डेय (IAS) उपस्थित रहीं। इसके साथ ही कर्मचारी राज्य बीमा निगम, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, क्षेत्रीय श्रम संस्थान-कानपुर के अधिकारी, श्रम विभाग के अधिकारी, ईएसआई के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक/अधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ, तथा विभिन्न सेवायोजक एवं श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि और बीमित कामगार भी शामिल हुए।

प्रमुख सचिव डॉ. सुन्दरम ने इन पहलों को श्रमिक वर्ग के कल्याण हेतु अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि माइक्रोसाइट योजनाओं की जानकारी को अधिक सुलभ बनाएगी, जबकि आरोग्य शक्ति अभियान महिला स्वास्थ्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
निदेशक श्रीमती सौम्या पाण्डेय ने कहा कि “आरोग्य मंथन–2025” तकनीक-सक्षम और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक निर्णायक कदम है। माइक्रोसाइट, आरोग्य शक्ति और आरोग्य संकल्प जैसी पहलें प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के विजन–2047 के अनुरूप श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण में मील का पत्थर सिद्ध होंगी।

कार्यक्रम के दौरान अटल आवासीय विद्यालय एवं विहान विद्यालय के छात्र–छात्राओं द्वारा स्वागत गीत और सरस्वती वंदना की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनसे पूरा वातावरण भावपूर्ण और ऊर्जावान हो गया।

कार्यक्रम स्थल पर विशेष रूप से “सेल्फी पॉइंट” और “फोटो गैलरी” स्थापित की गई थी, जो ईएसआई योजना की उपलब्धियों, नई सेवाओं, डिजिटल पहलों और श्रमिक कल्याण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित कर रही थी।
सेल्फी पॉइंट पर बड़ी संख्या में बीमित लाभार्थियों, चिकित्सकों, अधिकारियों और छात्रों ने फोटो लेकर अपनी भागीदारी दर्ज की, वहीं गैलरी में ईएसआई की यात्रा, उपलब्धियों और नए विज़न–2047 को दर्शाती प्रदर्शनी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

सौम्या पाण्डेय ने कहा कि ईएसआई योजना में तकनीक–सक्षम पारदर्शिता, सुगम प्रक्रियाओं और जन–उन्मुख सुधारों को निरंतर बढ़ावा देना ही इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है, और आगामी महीनों में श्रमिकों व उनके परिवारों को इससे बड़े स्तर पर लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *