बलरामपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: बस और कंटेनर की भिड़ंत

बलरामपुर/बहराइच: मंगलवार की अलसुबह बलरामपुर में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सोनौली बॉर्डर से दिल्ली जा रही नेपाली यात्रियों से भरी प्राइवेट बस (UP 22 AT 0245) और कंटेनर (UP 21 DT 5237) की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराई, जिससे बस में आग लग गई। आग की चपेट में आने से करीब 3 से 4 लोगों के जिंदा जलकर मरने की सूचना है।

25 यात्री गंभीर रूप से झुलसे

कोतवाली देहात क्षेत्र के बलरामपुर–गोंडा राजमार्ग पर स्थित फुलवरिया बाईपास पर यह हादसा हुआ। हादसे के बाद बस में भयानक आग लग गई और लगातार ब्लास्ट होने लगे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियाँ घटनास्थल पर पहुँचीं और शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

गंभीर घायलों को लखनऊ रिफर

हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 25 से अधिक लोगों को अस्पताल भेजा गया है।

  • बहराइच मेडिकल कॉलेज में भर्ती दो महिलाओं को हालत गंभीर होने पर लखनऊ रिफर किया गया।

  • दो अन्य का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।

मौके पर पहुँचे जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने राहत-बचाव कार्यों का निरीक्षण किया और घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *