कानपुर। शुक्रवार सुबह नौबस्ता–रामादेवी नेशनल हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया जब दिल्ली से बनारस जा रही एक चलती बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बस में सवार करीब 35 यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है। आग लगते ही कई यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि बाकी यात्रियों को मौके पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला। घटनास्थल से उठती आग की लपटें और काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक नजर आ रहा था।
यात्रियों का कहना है कि बस के ऊपर रखा सामान आग लगने का कारण हो सकता है, जिसकी वजह से आग तेजी से फैल गई।
सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी कानपुर नगर दीपक शर्मा के नेतृत्व में जाजमऊ, किदवई नगर और फजलगंज स्टेशनों से कुल 4 फायर ब्रिगेड वाहन मौके पर पहुंचे। फायर टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
सौभाग्य से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

