कानपुर। हिन्दी प्रचारिणी समिति, कानपुर उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित अखिल भारतीय सर्वभाषा साहित्यकार सम्मेलन एवं अलंकरण समारोह को लेकर आज कानपुर जर्नलिस्ट क्लब में प्रेस कॉन्फ़्रेंस आयोजित की गई। संस्था के अध्यक्ष नरेश चन्द्र त्रिपाठी ने जानकारी दी कि यह भव्य कार्यक्रम 30 नवंबर 2025 (रविवार) को हिन्दी भवन परिसर, गंगापुर कल्याणपुर, कानपुर में आयोजित किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ़्रेंस में समिति के महामंत्री राजीव रंजन पाण्डेय ने बताया कि देशभर के विभिन्न राज्यों से प्रख्यात साहित्यकार, कवि, लेखक, अध्यापक और समाजसेवी इस समारोह में शामिल होंगे। यह सम्मेलन भारतीय भाषाओं के संरक्षण, संवर्धन और साहित्यिक परंपरा को नई ऊर्जा प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान होंगे। वहीं सम्मेलन की अध्यक्षता सांसद रमेश अवस्थी करेंगे और विशिष्ट अतिथि प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान रहेंगे।
कार्यक्रम में कवि समागम, अभिनंदन समारोह, सम्मान समारोह और साहित्यिक विमर्श जैसे कई सत्र शामिल रहेंगे। इसके साथ ही देश के वरिष्ठ साहित्यकारों को प्रतिष्ठित ‘अंकुरण सम्मान’ भी प्रदान किया जाएगा।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि यह सम्मेलन युवाओं को साहित्य से जोड़ने, भारतीय भाषाओं के बीच संवाद बढ़ाने और सांस्कृतिक परंपरा को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रेस कॉन्फ़्रेंस में अध्यक्ष, महामंत्री सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

