सलोनी तिवारी: लखनऊ के इतौंजा पुल के पास स्थित एक स्क्रैप दुकान में रविवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन इसकी लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। दमकलकर्मी लगातार कड़ी मशक्कत कर आग पर नियंत्रण पाने में लगे हुए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान में रखा भारी मात्रा में स्क्रैप और अन्य सामान जलकर खाक हो गया।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आग की विशाल लपटें और धुएँ का गुबार साफ देखा जा सकता है। वीडियो में दमकल कर्मियों को आग बुझाने में जुटे हुए देखा जा रहा है। वहीं दूसरी ओर भारी पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया है और इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौके के आसपास भीड़ न लगाएं और राहत टीमों के कार्य में सहयोग करें।

