बिठूर थानाक्षेत्र में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में शहर के कारोबारी नरेश मिश्रा (58) की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शालिनी मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा तब हुआ जब दंपती एक पारिवारिक समारोह से लौट रहे थे।
जवाहर नगर निवासी नरेश मिश्रा शहर की एक सरकारी कैंटीन में आपूर्ति का कार्य देखते थे। रविवार रात वह अपनी पत्नी शालिनी के साथ बिठूर के लवकुश वाटिका स्थित पार्टी लान में आयोजित एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात करीब दो बजे दोनों कार से वापस घर लौट रहे थे।
जैसे ही उनकी कार सिंहपुर के पास मंटोरा फार्म हाउस के सामने पहुंची, वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जोरदार टकरा गया और पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि नरेश मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी शालिनी गंभीर रूप से घायल होकर कार में ही फंस गईं।
सूचना मिलने पर बिठूर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी प्रेमनारायण विश्वकर्मा ने बताया कि हादसा कार के अनियंत्रित होकर पलटने से हुआ। घायल महिला को तत्काल एलएलआर अस्पताल भिजवाया गया और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

