सोनभद्र जिले के ओबरा इलाके में शनिवार की शाम एक बड़ा हादसा हो गया। बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र स्थित कृष्णा माइनिंग वर्क्स में पत्थर की खदान अचानक ढह गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया। खदान ढहने से लगभग 12 मजदूर मलबे में दब गए। घटना स्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया और चीख-पुकार की आवाजें गूंजने लगीं।
हादसे की जानकारी मिलते ही डीएम बद्रीनाथ सिंह, एसपी, स्थानीय विधायक और समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गौड़ तुरंत मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य के लिए तत्काल पोकलेन मशीनें, जेनरेटर और अन्य उपकरण मंगवाए गए। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी रेस्क्यू में जुट गई हैं। लेकिन रात हो जाने और खदान के 500 मीटर से अधिक गहरा होने की वजह से बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आ रही हैं।
अब तक किसी मजदूर की मौत की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मलबे में कितने लोग दबे हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। रेस्क्यू टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं कि जल्द से जल्द मजदूरों तक पहुंचा जाए।

