सलोनी तिवारी: श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर): दिल्ली आतंकी हमले के बाद देश पहले ही हाई अलर्ट पर था, इसी बीच शुक्रवार देर रात जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के दक्षिण नौगाम इलाके में स्थित नौगाम पुलिस स्टेशन में एक भीषण धमाका हो गया। रात करीब 11 बजकर 22 मिनट पर हुए इस विस्फोट ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। धमाका इतना मजबूत था कि पुलिस स्टेशन का एक हिस्सा पूरी तरह ढह गया, जबकि पास खड़ी कई गाड़ियां भी मलबे में दबकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
6 लोगों की मौत, 27 गंभीर रूप से घायल
मीडिया में आ रही खबरों से अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं 27 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका के चलते राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। घटनास्थल पर आग और धुएं का गुबार देर रात तक उठता रहा।
फोरेंसिक टीम मौके पर, जांच जारी
धमाके के तुरंत बाद फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मी और दमकलकर्मी आग बुझाने और मलबा हटाने में जुटे दिखाई दे रहे हैं। चूंकि पुलिस स्टेशन एक घनी आबादी वाले आवासीय इलाके में स्थित है, इसलिए आसपास के कई घरों की खिड़कियां और दीवारें भी क्षतिग्रस्त होने की खबर है।
राहत-बचाव कार्य में तेजी
रातभर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घायल लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

