बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों में एनडीए को ऐतिहासिक जीत मिली है। बिहार से लेकर दिल्ली, मुंबई और कोलकाता तक बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इस शानदार जनादेश का ज़ोरदार जश्न मनाया। जगह-जगह पटाखे फोड़े गए, कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और ढोल-नगाड़ों पर देर तक थिरकते दिखाई दिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत को सुशासन, विकास और नौजवानों की विजय बताया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर भरोसा दिखाया है और विकास की राजनीति को आगे बढ़ाया है।
बीजेपी के प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि राहुल गांधी के “वोट चोरी” वाले दावों को जनता ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। वहीं उपेंद्र कुशवाहा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि “मोदी–नीतीश ने मिलकर लालटेन बुझा दी है।”
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि पहले दिन से ही साफ था कि भ्रष्टाचारियों की सरकार राज्य में नहीं बनने वाली। उन्होंने दावा किया कि बिहार के बाद अब बंगाल की बारी है।
अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार और लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने अपनी जीत का जश्न गीतों के माध्यम से मनाया। समर्थकों में उनका उत्साह देखते ही बन रहा था।
उधर, महागठबंधन में हार के बाद मायूसी छाई हुई है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और भूपेश बघेल ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। दिग्विजय सिंह ने एनडीए की जीत को मैन्यूपुलेटेड बताया।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि “बिहार में जो खेल SIR ने किया है, वो बंगाल, तमिलनाडु, यूपी और अन्य राज्यों में अब नहीं हो पाएगा क्योंकि इस चुनावी साज़िश का भंडाफोड़ हो चुका है।”

