लखनऊ — आतंकी नेटवर्क से जुड़े एक बड़े खुलासे में लखनऊ की महिला डॉक्टर शाहीन शाहिद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शाहीन शाहिद, फरीदाबाद से गिरफ्तार किए गए एमबीबीएस डॉक्टर मुजम्मिल की गर्लफ्रेंड बताई जा रही हैं। डॉ. मुजम्मिल को कुछ दिन पहले फरीदाबाद में आतंकी मॉड्यूल के भंडाफोड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
सूत्रों के अनुसार, डॉ. मुजम्मिल लखनऊ निवासी डॉ. शाहीन शाहिद की स्विफ्ट कार का इस्तेमाल करता था। पुलिस ने इसी कार से Krinkob असॉल्ट राइफल, तीन मैगजीन और 83 राउंड गोलियां बरामद की थीं। इसके अलावा, एक पिस्टल, आठ राउंड, दो पिस्टल की मैगजीन और दो खाली खोखे भी कार से मिले हैं।
फरीदाबाद पुलिस ने शाहीन शाहिद को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन पूछताछ के दौरान उसके कई आतंकी संगठनों से संपर्कों के सबूत सामने आए। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब जम्मू-कश्मीर पुलिस उसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है।
बताया जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर पुलिस, यूपी पुलिस, हरियाणा पुलिस और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने मिलकर फरीदाबाद में चल रहे एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया था। इस ऑपरेशन के दौरान अल-फलाह विश्वविद्यालय से जुड़े डॉक्टर मुजम्मिल की गिरफ्तारी हुई थी। जांच में यह भी सामने आया कि आतंकी मॉड्यूल के पास से करीब 2,900 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी।
अब तक इस मामले में तीन डॉक्टरों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें लखनऊ की महिला डॉक्टर शाहीन शाहिद का नाम भी शामिल है। ये सभी जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और अंसार गज़वत-उल-हिंद (AGuH) जैसे आतंकी संगठनों से जुड़े होने की बात सामने आई है।

