फरीदाबाद: बागेश्वर धाम सरकार की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा के तीसरे दिन उमड़ा जनसैलाब, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बोले— “80 करोड़ हिंदुओं को जगाना है”

फरीदाबाद: बागेश्वर धाम पीठाधीश पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा का आज तीसरा दिन रहा। 7 नवंबर को दिल्ली से आरंभ हुई यह यात्रा 16 नवंबर को वृंदावन में संपन्न होगी। आज जब यह यात्रा फरीदाबाद के बल्लभगढ़ पहुंची, तो दशहरा मैदान में हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने पुष्प वर्षा और जयघोष के साथ शास्त्री जी का भव्य स्वागत किया।

“यात्रा का उद्देश्य 80 करोड़ हिंदुओं को जगाना है”

मीडिया से बात करते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा —

“आज यात्रा का तीसरा दिन है। लगभग 80 करोड़ हिंदुओं को जगाने के लिए यह पदयात्रा निकाली गई है।
इस यात्रा का उद्देश्य है देश की एकता, सनातन संस्कृति का संरक्षण और समाज में जाति-पाति, भेदभाव व छुआछूत से मुक्ति दिलाना।
हम तीन राज्यों — दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश — में यह पदयात्रा कर रहे हैं ताकि सनातन धर्म की शक्ति को पुनः स्थापित किया जा सके।”

 “यह देश सनातनियों का है, तनातनियों का नहीं”

शास्त्री जी ने आगे कहा —

“हमारा प्रयास है कि देश का हर हिंदू जाग जाए और राष्ट्रवाद की भावना को अपनाए।
भारत में रहने वाला हर व्यक्ति सनातनी है।
धर्म रहेगा तो देश रहेगा, और अगर धर्म नहीं रहेगा तो देश भी नहीं बचेगा।
जैसे भारतीय सेना वतन के लिए सेवा करती है, वैसे ही हर सनातनी को धर्म रक्षा के लिए आगे आना होगा।
हमने भारत की सेना को डोनेशन देने की अपील की है ताकि भारत और अधिक शक्ति संपन्न बने।
हिंदुओ जागो, एक हो जाओ — अभी नहीं तो कभी नहीं!”

आगे बढ़ेगी पदयात्रा — पलवल की ओर

जानकारी के अनुसार, सनातन हिंदू एकता पदयात्रा आज रात सीकरी में विश्राम करेगी, जिसके बाद यह यात्रा पलवल की ओर रवाना होगी।
इस दौरान हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में धर्म, एकता और राष्ट्रवाद के संदेश के साथ यह यात्रा लोगों को जोड़ने का कार्य करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *