वाराणसी से देश को मिली 4 नई वंदे भारत ट्रेनें, पीएम मोदी बोले – काशी बन रही है भारत की नई विकास राजधानी

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने 16 घंटे के काशी प्रवास के दौरान देश को 4 नई वंदे भारत ट्रेनों की सौगात दी। उन्होंने वाराणसी रेलवे स्टेशन से ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।

ट्रेनें हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री ने ठेठ बनारसी अंदाज में जनता को संबोधित किया। बोले – “बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी काशी के सब परिवार जनन के हमार प्रणाम बा। देव दीपावली के बाद आज भी बहुत शुभ दिन बा। हम आप सबके साथ विकास पर्व मना रहल बानी।”


विकास का आधार – मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि किसी भी देश की प्रगति की असली ताकत उसका इंफ्रास्ट्रक्चर होता है। उन्होंने कहा कि “जब किसी इलाके में रेल पटरी बिछती है या सड़क बनती है, तो वहां अपने आप रोज़गार और विकास के रास्ते खुल जाते हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर सिर्फ पुल या हाइवे तक सीमित नहीं, बल्कि गांव-गांव तक आर्थिक समृद्धि का माध्यम है।”


देश के लिए 4 नई हाईटेक वंदे भारत ट्रेनें

प्रधानमंत्री ने बताया कि आज देश को चार नई वंदे भारत ट्रेनें मिली हैं —
काशी से खजुराहो वंदे भारत
फिरोजपुर से दिल्ली वंदे भारत
लखनऊ से सहारनपुर वंदे भारत
एर्नाकुलम से बेंगलुरु वंदे भारत

इन नई ट्रेनों के साथ अब भारत में वंदे भारत ट्रेनों की संख्या 160 से अधिक हो गई है। पीएम मोदी ने कहा – “वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत ट्रेनें भारतीय रेल को आधुनिक युग में ले जा रही हैं। यह भारतीय इंजीनियरों की प्रतिभा और आत्मनिर्भर भारत का गर्व है।”


तीर्थ यात्रा से जुड़ेगी विकास यात्रा

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की चेतना सदियों से तीर्थ यात्रा से जुड़ी रही है। जब ये पवित्र स्थल – अयोध्या, प्रयागराज, चित्रकूट, हरिद्वार और काशी – वंदे भारत के नेटवर्क से जुड़ रहे हैं, तो इससे आस्था और अर्थव्यवस्था दोनों का विस्तार हो रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 11 करोड़ श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन को आए थे, जबकि अयोध्या में राम मंदिर बनने के बाद 6 करोड़ से अधिक लोग दर्शन कर चुके हैं। “इन यात्राओं ने यूपी की अर्थव्यवस्था को हजारों करोड़ का लाभ पहुंचाया है और लाखों लोगों को रोजगार दिया है,” उन्होंने कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *