सलोनी तिवारी: नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 7 नवंबर 2025 को भारत के राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रव्यापी स्मरणोत्सव का शुभारंभ करेंगे। यह ऐतिहासिक कार्यक्रम नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में सुबह करीब 9:30 बजे आयोजित होगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी स्मारक डाक टिकट और स्मारक सिक्का जारी करेंगे। यह समारोह वर्षभर चलने वाले स्मरणोत्सव की शुरुआत होगा, जिसका उद्देश्य देश के स्वतंत्रता संग्राम में प्रेरणा देने वाले गीत ‘वंदे मातरम’ के महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान देशभर के लोग सुबह 9:50 बजे ‘वंदे मातरम’ के पूर्ण संस्करण का सामूहिक गायन करेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन का भी आयोजन होगा, जिसमें वे राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का संदेश देंगे।
वर्ष 1875 में बंकिमचंद्र चटर्जी ने अक्षय नवमी के दिन ‘वंदे मातरम’ की रचना की थी। बाद में यह उनके प्रसिद्ध उपन्यास ‘आनंदमठ’ का हिस्सा बना और पहली बार साहित्यिक पत्रिका ‘बंगदर्शन’ में प्रकाशित हुआ।
इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत आने वाले महीनों में सांस्कृतिक, शैक्षणिक और जनसहभागिता से जुड़े आयोजन देश के विभिन्न हिस्सों में किए जाएंगे, ताकि इस गीत के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और गर्व की भावना को पुनर्जीवित किया जा सके।
‘वंदे मातरम’ स्वतंत्रता संग्राम का प्रतीक रहा है और आज भी यह भारत माता के प्रति समर्पण और गौरव का संदेश देता है।

