सलोनी तिवारी: उन्नाव जनपद के लिए गर्व का क्षण तब आया जब मूल निवासी एवं वर्तमान में जनपद कासगंज में बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात सहायक अध्यापक प्रत्यूष मिश्रा ने आसमान की ऊँचाइयों को छूते हुए 10,000 फीट की ऊँचाई से सफल स्काई डाइविंग की। यह ऐतिहासिक छलांग उन्होंने “स्काई हाई इंडिया” के संयोजन में 5 नवंबर को हरियाणा के नरनौल में लगाई।
उन्नाव के मोती नगर निवासी और डी.सी.ए. महामंत्री पी.के. मिश्रा के सुपुत्र प्रत्यूष मिश्रा ने बेलारूस के प्रशिक्षक यूहेनी के निर्देशन में छलांग लगाकर जिले के पहले शिक्षक स्काई डाइवर बनने का गौरव हासिल किया।
शिक्षक प्रत्यूष मिश्रा ने बताया कि स्काई डाइविंग से पहले वे वैली ऑफ फ्लॉवर्स, हेमकुंड साहिब, खीरगंगा, गिदारा बुग्याल और हर की दून जैसे कई कठिन एवं ऊँचाई वाले ट्रैक सफलतापूर्वक पूरा कर चुके हैं।
उनकी इस अद्भुत उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। सभी ने कहा कि प्रत्यूष मिश्रा की यह उपलब्धि नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

