कानपुर में शुरू हुआ ‘यातायात माह’ अभियान !

सलोनी तिवारी: पुलिस कमिश्नरेट, कानपुर नगर द्वारा पूरे नवंबर माह को ‘यातायात माह’ के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर सोमवार को शहरभर में विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत हुई, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों, वाहन चालकों और ई-रिक्शा चालकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। पुलिस कर्मियों ने भी पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ अभियान में भागीदारी निभाई। अभियान का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को जाममुक्त और सुचारू बनाना है।

5E सिद्धांतों पर आधारित अभियान

पुलिस आयुक्त श्री रघुबीर लाल ने बताया कि यह अभियान यातायात प्रबंधन के 5E सिद्धान्त — Education (शिक्षा), Enforcement (प्रवर्तन), Engineering (संरचना), Environment (पर्यावरण) और Emergency Care (आपात देखभाल) — पर आधारित होगा। इन पांचों पहलुओं पर पुलिस विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां मिलकर काम करेंगी ताकि नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।

अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई

पूरे नवंबर माह के दौरान पुलिस विभाग द्वारा अवैध पार्किंग, फुटपाथ अतिक्रमण और यातायात नियम उल्लंघन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही आम नागरिकों से प्राप्त सुझावों को भी इस अभियान में शामिल किया जाएगा ताकि स्थानीय जरूरतों के अनुसार सुधार किए जा सकें।

ट्रैफिक वॉलंटियर की नई पहल

कानपुर पुलिस ने एक नई पहल के तहत ट्रैफिक वॉलंटियर बनाने की योजना शुरू की है। ये वॉलंटियर्स स्थानीय स्तर पर यातायात समस्याओं को पहचानेंगे और ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर समाधान में सहयोग करेंगे।

सड़क हादसे में मदद करने वालों को मिलेगा सम्मान

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करता है, तो उसे अनावश्यक रूप से पुलिस परेशान नहीं करेगी। बल्कि, ऐसे राहगीरों को भारत सरकार की “गुड समैरिटन योजना” (राहगीर योजना) के तहत पुरस्कृत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *