“गोरखपुर के सांसद और अभिनेता रवि किशन को मिला ‘दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2025’ पुरस्कार”

सलोनी तिवारी:उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से सांसद और फिल्म अभिनेता रवि किशन शुक्ला को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें 2025 ‘दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस खबर के सामने आते ही उनके प्रशंसकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोग बधाई देने के लिए उनके आवास पर पहुंचने लगे और सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं की बाढ़ आ गई।

रवि किशन न सिर्फ फिल्मों में बल्कि राजनीति में भी सक्रिय हैं। वे गोरखपुर से लगातार दूसरी बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद हैं। अपने बयानों और समाजसेवी कार्यों के चलते वे हमेशा चर्चा में बने रहते हैं।

राजनीति और फिल्मों में समान रूप से सक्रिय

जौनपुर जिले के केराकत गांव के रहने वाले रवि किशन ने अपने करियर की शुरुआत भोजपुरी फिल्मों से की थी और बाद में हिंदी फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई। 33 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद उन्होंने न केवल भोजपुरी बल्कि हिंदी और साउथ भारतीय फिल्मों में भी कई यादगार भूमिकाएँ निभाईं।

हाल ही में उन्हें हिंदी फिल्म ‘लापता लेडीज’ के लिए फिल्मफेयर अवार्ड मिला था। इसी बीच अब ‘दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2025’ का सम्मान मिलना उनके करियर में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ता है।

“मेहनत और लगन का फल”

रवि किशन के पीआरओ पवन दुबे ने बताया कि यह पुरस्कार उनके 33 साल के संघर्ष, मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा, “रवि किशन जी ने अपनी कला और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। यह सम्मान पूरे भोजपुरी सिनेमा जगत के लिए गर्व की बात है।”

 200 से अधिक फिल्मों में किया काम

रवि किशन अब तक लगभग 200 फिल्मों में काम कर चुके हैं। हिंदी फिल्म हेरा फेरी 2 में उनके तुतलाने वाले विलेन के किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। उस फिल्म के लिए उन्हें अवार्ड भी मिला था।

पुरस्कार मिलने के बाद रवि किशन ने कहा —

“यह सम्मान मेरे माता-पिता के आशीर्वाद, समर्थकों के प्यार और गुरु गोरखनाथ बाबा की कृपा का परिणाम है। मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से निरंतर प्रेरणा मिलती रहती है।”

वर्तमान में रवि किशन बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी के स्टार प्रचारक के रूप में सक्रिय हैं और हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कई कार्यक्रमों में मंच साझा कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *