सलोनी तिवारी: राजस्थान के जोधपुर जिले में रविवार (2 नवंबर) को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को मातम में डुबो दिया। फलोदी उपखंड के मतोड़ा थाना क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बस बीकानेर जिले के कोलायत दर्शन कर जोधपुर लौट रही थी। मतोड़ा के पास बस चालक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर को देख नहीं पाया और तेज रफ्तार में बस ट्रेलर में जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
मतोड़ा थानाधिकारी अमानाराम ने बताया कि हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। 3 से 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है। मृतकों में अधिकांश जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। पुलिस और प्रशासनिक टीमें भी मौके पर पहुंचीं। जेसीबी मशीनों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को फलोदी अस्पताल और गंभीरों को जोधपुर के बड़े अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जोधपुर जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं, ट्रेलर चालक हादसे के बाद फरार हो गया है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

