चित्रकूट में भीषण सड़क हादसा: बोलेरो और बस की आमने-सामने टक्कर, तीन की मौत, पांच घायल

सलोनी तिवारी: चित्रकूट। जिले में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झांसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बांदा डिपो की रोडवेज बस और बोलेरो की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दंपती समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बोलेरो गलत साइड से आ रही थी, जिससे यह हादसा हुआ।

यह दुर्घटना कर्वी कोतवाली क्षेत्र के खोह में पेट्रोल पंप के पास रात करीब साढ़े नौ बजे हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही एसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ अरविंद कुमार और कोतवाल श्याम प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने हाईवे पर बाधित यातायात को सुचारु कराया और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग पास के एक गांव से कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *