चित्रकूट के मां मंदाकिनी घाट पर जगमगाए 1 लाख 11 हजार से अधिक दीप, भक्ति संगीत से गूंजा घाट — राज्यमंत्री ने किया दीपोत्सव का शुभारंभ

सलोनी तिवारी: सतना, 1 नवंबर। देव प्रबोधिनी एकादशी के पावन अवसर पर श्री रामचंद्र पथ गमन न्यास द्वारा जिला प्रशासन सतना के सहयोग से चित्रकूट के मां मंदाकिनी घाट पर भव्य दीपोत्सव पर्व का आयोजन किया गया। इस मौके पर घाट परिसर 1 लाख 11 हजार 111 से भी अधिक दीपों की लौ से आलोकित हो उठा। मंदाकिनी तट पर दीपों की झिलमिल रोशनी ने पूरे क्षेत्र को दिव्य और आध्यात्मिक वातावरण में बदल दिया।

कार्यक्रम की सांध्य भजन संध्या का शुभारंभ नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विभोर फ्यूजन बैंड के कलाकारों ने “सजा दो घर को गुलशन सा, मेरे सरकार आए हैं” और “मारुति नंदन हे सुख बंधन सुन लो मेरी पुकार” जैसे भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, सहायक कलेक्टर एवं सीईओ जनपद अनिकेत शांडिल्य, नगर परिषद अध्यक्ष साधना पटेल, जनपद अध्यक्ष रेणुका जायसवाल, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, प्रबल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नगरवासी उपस्थित रहे।

पंचवटी घाट पर बालाघाट की प्रसिद्ध गायिका मुस्कान चौरसिया ने “राम का भवन बन गया”, “हे भारत के राम जागो”, “घर मोरे पधारिये”, और “भारत का बच्चा-बच्चा जय जय श्रीराम” जैसे भक्ति गीतों की सुमधुर प्रस्तुति से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।

वहीं भरत घाट पर मां मंदाकिनी गंगा की महा आरती के साथ भव्य आतिशबाजी का आयोजन हुआ, जिसने दीपोत्सव की शोभा को और बढ़ा दिया।

मां मंदाकिनी घाट का यह भव्य दीपोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि चित्रकूट की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को भी एक नया प्रकाश प्रदान कर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *