सलोनी तिवारी: मथुरा जिले के वृंदावन कोतवाली क्षेत्र के गोरा नगर इलाके में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। आपसी विवाद के दौरान बेटे की लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली गोली ने पिता की जान ले ली। इसके कुछ ही देर बाद बेटे ने भी खुद को उसी रिवॉल्वर से गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सदर संदीप कुमार ने बताया कि गोरा नगर निवासी सुरेश चंद्र अग्रवाल (72) और उनके पुत्र नरेश अग्रवाल (52) के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। झगड़े के दौरान बेटे की लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली गोली पिता के सीने में जा लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद नरेश अग्रवाल ने भी उसी रिवॉल्वर से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने बताया कि मृतक वृंदावन के प्रतिष्ठित व्यापारी थे। वे “दिनेश बीड़ी 555” ब्रांड के नाम से देशभर में प्रसिद्ध बीड़ी कारोबार से जुड़े थे। सुरेश चंद्र अग्रवाल ने यह ब्रांड अपने बड़े बेटे दिनेश के नाम पर शुरू किया था। उनका कारोबार उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ था।
शुक्रवार की शाम किसी पारिवारिक विवाद के चलते यह दुखद घटना हुई, जिससे वृंदावन क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

