कानपुर: उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण शनिवार को कानपुर दौरे पर रहेंगे। वह बिठूर में विजिलेंस के नए बहुमंजिला भवन का भूमि पूजन करेंगे और दोपहर बाद सर्किट हाउस में कमिश्नरी के अधिकारियों के साथ अपराध एवं सुरक्षा व्यवस्था पर समीक्षा बैठक करेंगे।
बिठूर में खाद्य औषधि एवं प्रसाधन विभाग की बिल्डिंग के बगल में विजिलेंस का नया भवन बनाया जा रहा है। इस भवन में सभागार, अधिकारियों के कक्ष, स्टाफ रूम और रिकॉर्ड रूम जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। भूमि पूजन समारोह में डीजीपी राजीव कृष्ण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह उनका पहला आधिकारिक कानपुर दौरा होगा, जिसके लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद डीजीपी सर्किट हाउस में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में बेहतर पुलिसिंग, संसाधन वृद्धि, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की समीक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
डीजीपी पुलिस कमिश्नर कार्यालय, पुलिस लाइन और यूपी-112 कंट्रोल रूम का निरीक्षण भी कर सकते हैं।

