“ऊर्जा और उम्मीदों के साथ शुरू हुआ सफर” — चित्रकूट के नए डीएम पुलकित गर्ग का पहला दिन चर्चा में

सलोनी तिवारी: चित्रकूट: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले को नया जिलाधिकारी मिल गया है। आईएएस अधिकारी पुलकित गर्ग ने जिले के डीएम के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने अपने पहले दिन की शुरुआत उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा के साथ की।

डीएम पुलकित गर्ग ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक फोटो साझा करते हुए लिखा—

“First day in office as DM Chitrakoot. Full of enthusiasm, energy and hope to work to the best of my ability to serve this ‘hill of many wonders’!”

उनकी इस पोस्ट पर लोगों ने उन्हें शुभकामनाओं की बाढ़ भेज दी। जिले के लोगों ने नए डीएम के प्रति अपनी उम्मीदें जताते हुए कमेंट्स में लिखा कि पुलकित गर्ग के आने से चित्रकूट के विकास कार्यों में नई गति आएगी।

आईएएस पुलकित गर्ग पूर्व में कई जनपदों में अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। चित्रकूट जैसे धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण जिले में उनकी नियुक्ति को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।

नवागंतुक जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने शनिवार को अपने कार्यालय में बैठकर आम जनता की समस्याएं सुनीं। कार्यभार ग्रहण करते ही उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गर्व और अवसर का विषय है कि वाराणसी जैसे ऐतिहासिक शहर के बाद अब उन्हें चित्रकूट जैसे धार्मिक स्थल पर सेवा करने का मौका मिला है।

डीएम पुलकित गर्ग ने कहा कि चित्रकूट में जो भी जनसमस्याएं हैं, उनका समाधान दैनिक जनसुनवाई के माध्यम से प्राथमिकता पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में जल आपूर्ति को लेकर पहले भी महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं, जिसके लिए जनपद को अवॉर्ड भी प्राप्त हुआ है। अब लक्ष्य है कि इन प्रयासों को और बेहतर बनाया जाए ताकि स्थानीय नागरिकों और तीर्थयात्रियों — दोनों को सुविधाएं मिलें।

उन्होंने कहा कि चूंकि चित्रकूट एक प्रमुख तीर्थ स्थल और पर्यटन केंद्र है, इसलिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे सभी पर्यटन प्रोजेक्ट्स को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से क्रियान्वित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *