भरतपुर में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराई रोडवेज बस, 25 यात्री घायल, एक की मौत

सलोनी तिवारी: भरतपुर: जिले के खेड़ली मोड़ थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आगरा से जयपुर जा रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे एक बबूल के पेड़ से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में बस में सवार करीब 60 यात्रियों में से 25 लोग घायल हो गए, जिनमें 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। इलाज के दौरान एक यात्री की मौत हो गई है।

कांस्टेबल भूरी सिंह ने बताया कि घायलों को जयपुर ले जाते समय रास्ते में एक यात्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान युधिष्टर (40) पुत्र माधोराम निवासी जयपुर के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस में कार्यरत था। शव को जिला अस्पताल दौसा की मोर्चरी में रखवाया गया है।

मीडिया में आ रही खबरों के अनुसार  हादसा शनिवार दोपहर करीब 2 बजे बांछरेन गांव के पास तलैया बाबा के समीप हुआ। बस तेज रफ्तार में थी और चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर बैठे यात्री सीटों से उछलकर गिर पड़े।

घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही वृताधिकारी भुसावर, एसडीएम भुसावर, थाना खेड़ली मोड़, थाना हलैना और थाना भुसावर की पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

एएसआई ने बताया कि बस में सभी सीटें भरी हुई थीं और कुछ यात्री खड़े भी थे। चालक और कंडक्टर को भी चोटें आई हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक का संतुलन बिगड़ना हादसे का मुख्य कारण बताया गया है।

सभी घायलों को एंबुलेंस से महुआ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल 10 यात्रियों को जयपुर रेफर किया गया। पुलिस ने बस को किनारे करवाकर यातायात बहाल कर दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *