चित्रकूट। शासन ने मंगलवार को जिले के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन का तबादला कर दिया है। उन्हें सिद्धार्थनगर के डीएम के रूप में नियुक्त किया गया है। वहीं, वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग को चित्रकूट का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। उम्मीद है कि दो दिन में वे जिले का कार्यभार संभाल लेंगे।
डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने 26 जून 2024 को कानपुर से स्थानांतरण होकर चित्रकूट के जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला था। अपने 16 माह और दो दिन के कार्यकाल में उन्होंने जिले को कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां दिलाईं।
शिक्षा के क्षेत्र में चित्रकूट जिले को राष्ट्रीय पुरस्कार दिलाने में उनकी भूमिका अहम रही। आईजीआरएस में भी जिले ने दो बार प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा पर्यटन और धार्मिक विकास के क्षेत्र में कई निर्माण कार्य पूरे कराए गए।
डीएम शिवशरणप्पा के निर्देशन में क्षेत्र के सबसे बड़े दीपावली मेला और भदई मेले को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिक्रमा मार्ग पर मैट बिछवाकर व्यवस्थाओं में सुधार किया गया।
जिले के विकास कार्यों और प्रशासनिक दक्षता के लिए शिवशरणप्पा जीएन को लोगों द्वारा एक सक्रिय और संवेदनशील अधिकारी के रूप में याद किया जा रहा है।

