लखनऊ में छठ पर्व पर रहेगा सार्वजनिक अवकाश, जिलाधिकारी ने जारी किया आदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने पहले ही छठ पर्व के अवसर पर 28 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। अब लखनऊ जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से भी इस दिन राजधानी में आधिकारिक अवकाश की घोषणा कर दी गई है। जिलाधिकारी विशाख जी. अय्यर द्वारा जारी आदेश के अनुसार मंगलवार, 28 अक्टूबर को लखनऊ के सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।

 योगी सरकार पहले ही कर चुकी है घोषणा

छठ पर्व पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है और यह पर्व तीन दिनों तक चलता है। इस बार मुख्य पर्व 28 अक्टूबर को होने के कारण उत्तर प्रदेश सरकार ने पहले ही राज्यस्तरीय सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की थी। अब लखनऊ प्रशासन ने भी इसे औपचारिक रूप से लागू करने का आदेश दे दिया है।
इस दिन महिलाएं उगते सूरज को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना करती हैं और भगवान सूर्य से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।

लखनऊ में धूमधाम से मनाया जाएगा पर्व

लखनऊ में छठ पर्व बड़े ही उत्साह और आस्था के साथ मनाया जाता है। हजारों श्रद्धालु छठी मैया की पूजा के लिए विभिन्न घाटों पर पहुंचते हैं।
लखनऊ नगर निगम और जिला प्रशासन ने पिछले कई दिनों से गोमती तट, गिलौला झील, कठौता झील, वॉटर फ्रंट और झूलेलाल घाट जैसे प्रमुख स्थलों पर सफाई और घाट निर्माण कार्य चलाया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं

नगर निगम की ओर से सभी घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और स्वच्छता के विशेष इंतज़ाम किए गए हैं।
पुलिस बल की तैनाती की जा रही है ताकि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे।

 आस्था का पर्व

छठ पर्व भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना का पर्व है। बिहार, झारखंड और पूर्वांचल से जुड़े लोग इसे विशेष श्रद्धा से मनाते हैं।
लखनऊ में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस पर्व को मानते हैं। महिलाएं 36 घंटे निर्जला व्रत रखकर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देती हैं। यह व्रत अत्यंत कठिन होने के बावजूद इसे पूर्ण श्रद्धा और आस्था से निभाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *