कानपुर: शहर के केशवपुरम इलाके में शनिवार देर रात एक मेडिकल स्टोर पर विवाद के बाद हुई झड़प में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी के बाद दुकान संचालकों ने युवक पर सब्बल से हमला कर दिया, जिससे उसके पेट और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
घटना के अनुसार, केशवपुरम निवासी अभिजीत सिंह, जो एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत हैं और एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं, शनिवार रात अपनी माँ के लिए दवा लेने मेडिकल स्टोर गए थे। दवा खरीदते समय स्टोर संचालक विजय सिंह और अमर सिंह से उनकी कहासुनी हो गई। इसके बाद विवाद बढ़ा और आरोप है कि दुकान संचालकों ने गाली-गलौज करते हुए अभिजीत पर हमला कर दिया।
अभिजीत के पिता अनिल सिंह के अनुसार, हमलावरों ने पहले लाठी-डंडों और रॉड से पिटाई की, फिर विजय सिंह ने मेडिकल स्टोर के अंदर से सब्बल उठाकर अभिजीत के ऊपर ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में अभिजीत का अंगूठा कट गया और पेट में कई जगह गहरी चोटें आईं। गंभीर हालत में परिजनों ने अभिजीत को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.

