भारत ने पाकिस्तान से सटी पश्चिमी सीमा पर एक बड़ा सैन्य अभ्यास शुरू कर दिया है, जिसका नाम ‘त्रिशूल’ (Trishul) रखा गया है। यह अभ्यास 30 अक्टूबर से 10 नवंबर तक चलेगा। इसके लिए NOTAM (Notice to Airmen) भी जारी किया गया है, जो राजस्थान और गुजरात के हवाई क्षेत्र तक प्रभावी रहेगा। उधर, पाकिस्तान ने भी अपने कुछ हवाई मार्गों पर रोक लगा दी है, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
क्या है ‘त्रिशूल’ अभ्यास?
‘त्रिशूल’ भारतीय सेना का संयुक्त सैन्य अभ्यास (Joint Military Exercise) है, जिसमें थलसेना, नौसेना और वायुसेना — तीनों बल हिस्सा ले रहे हैं। सेना की ओर से बताया गया है कि यह एक नियमित वार्षिक अभ्यास है, लेकिन इस बार इसे अभूतपूर्व पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है। ‘त्रिशूल’ अभ्यास का क्षेत्र सर क्रीक (गुजरात) से लेकर राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों और सौराष्ट्र तट तक फैला होगा। इसमें आक्रामक हमले, रक्षात्मक रणनीतियाँ, और समुद्री अभियानों का रियल टाइम सिमुलेशन किया जाएगा। यह भारत की जंगी तैयारी और तीनों सेनाओं के सामंजस्य का एक बड़ा प्रदर्शन माना जा रहा है।

