लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में शनिवार को बड़ी घटना हुई, जब गिरफ्तार आरोपी को छुड़ाने पहुंचे लोगों ने थाने पर हमला कर दिया। भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिससे 10 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को हिरासत में लिया था। जब उसके परिजन और समर्थक थाने पहुंचे तो उन्होंने आरोपी को छोड़ने की मांग की। पुलिस के मना करने पर स्थिति बिगड़ गई और देखते ही देखते भीड़ ने थाने का घेराव कर दिया।
इस दौरान अफरा-तफरी मच गई और कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात पर काबू पाया गया। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, हमला करने और पथराव करने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है।

