सलोनी तिवारी: लखनऊ। राजधानी के अलीगंज क्षेत्र के उस्मानपुर मोहल्ला में शुक्रवार की शाम एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयानक थी कि करीब एक किलोमीटर दूर से धुएं का गुबार साफ दिखाई दे रहा था। मकान से सटे गैराज में फोटो फ्रेम बनाने का पूरा सामान धू-धूकर जल उठा। सूचना पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
रेस्क्यू के दौरान गिरा छज्जा, पांच फायरकर्मी घायल
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने बताया कि रेस्क्यू अभियान के दौरान एक पुराने और जर्जर मकान का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया, जिससे ड्यूटी पर तैनात पांच फायरकर्मी घायल हो गए।
घायल कर्मियों में सुनील, अशोक कुमार और महेंद्र के नाम की पुष्टि हुई है, जबकि दो अन्य की जानकारी जुटाई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आग पर काबू पाने में जुटी दमकल टीम
सीएफओ ने बताया कि आग काफी विकराल थी, जिसके कारण बीकेटी और इंदिरानगर फायर स्टेशन से भी अतिरिक्त फायर यूनिट्स को मौके पर भेजा गया। फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग बुझाने और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रही है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामग्री के कारण भड़की हो सकती है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और राहत कार्य जारी है।

