हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर बड़ा हादसा: बस में लगी भीषण आग !

सलोनी तिवारी: हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर शुक्रवार (24 अक्टूबर) की सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। आंध्र प्रदेश के कर्नूल जिले के कल्लूर मंडल के चिन्णाटेकुर इलाके में कालेश्वरम ट्रेवल्स की एक प्राइवेट बस में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे 12 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, बस में हादसे के वक्त कुल 42 यात्री सवार थे, जिनमें ड्राइवर और असिस्टेंट भी शामिल थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस हाईवे पर एक बाइक से टकरा गई, जिसके तुरंत बाद बस में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

कर्नूल जिले के एसपी विक्रांत पाटिल ने बताया कि अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 से अधिक घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इस भीषण दुर्घटना को लेकर देशभर में शोक की लहर है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक जताते हुए कहा,

“कर्नूल जिले के चिन्नेटेकूर गांव के पास हुए बस हादसे की खबर से बेहद दुखी हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। राज्य सरकार घायलों और प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करेगी।”

वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और लिखा,

“आंध्र प्रदेश के कर्नूल में बस में आग लगने की दुखद घटना में हुई जान-माल की हानि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *