डीजीपी की बड़ी कार्रवाई: रिश्वतखोरी में 11 पुलिसकर्मी निलंबित, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू

सलोनी तिवारी: लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने भ्रष्टाचार के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। रिश्वत लेने के आरोप में तीन जिलों — चित्रकूट, बांदा और कौशाम्बी — के कुल 11 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, चित्रकूट जिले के 3 थाना प्रभारी, 1 दरोगा और 3 आरक्षी, बांदा के 1 थाना प्रभारी और 1 आरक्षी, तथा कौशाम्बी के 1 दरोगा और 1 आरक्षी पर कार्रवाई की गई है।

यह कदम तब उठाया गया जब इन पुलिसकर्मियों का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। डीजीपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए थे। जांच में आरोप सही पाए जाने पर सभी को निलंबित कर दिया गया।

डीजीपी राजीव कृष्ण ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की छवि को बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में तुरंत जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि आम जनता से सहयोग लेकर पारदर्शिता बढ़ाई जाएगी, और सभी पुलिस अधिकारी कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ जनता की सेवा में पूरी ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *